सभासद का अनशन तुड़वाती पालिकाध्यक्षा
तीन सूत्रीय मांगों को लेकर अनशन पर बैठे सभासद से शनिवार को पालिकाध्यक्षा ने वार्ता की। वार्ता के दौरान पालिकाध्यक्षा ने मांगों को मान लिया। पालिकाध्यक्षा ने सभासद को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। बता दें कि वार्ड 16 के सभासद प्रवीन दीक्षित ने जनता के हित की तीन सूत्रीय मांगों को लेकर शनिवार से पालिका प्रांगण में अनशन शुरू कर दिया था। उन्होंने पालिकाध्यक्षा से जनता के हित में तीन सूत्रीय मांगों में जलकर शुल्क ओवर टैंक बनाए जाने तक स्थगित करने, पंप ऑपरेटर चिप से न चलाकर मैनुअल कर्मचारियों से चलवाने और बिना बोर्ड मीटिंग के फैसला न लेने की मांग की थी। शनिवार को पालिका अधिशासी अधिकारी एके सिंह चौहान ने दो मांगे मानते हुए अनशन तुड़वाने का प्रयास किया था, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार को पालिकाध्यक्षा रामवती चौधरी पालिका प्रांगण पहुंची। उन्होंने सभासद को आश्वासन दिया कि उनकी तीनों मांगों को मान लिया गया है। इसके बाद पालिकाध्यक्षा ने सभासद को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया। इस दौरान पालिकाध्यक्षा प्रतिनिधि हरीश चौधरी, रंजन दिवाकर, इंसाफ अली, मधु दीक्षित, सत्य प्रकाश शर्मा, देवेंद्र सिंह, राकेश शर्मा, बबलू ठाकुर, जावेद अहमद खान, संतोष पाल, प्यारे लाल, संदीप सविता, गौरी शंकर, जवाहर सिंह आदि उपस्थित रहे।