लेबर कालोनी की रामबारात हिचकोलों के बीच गुजरेगी। चंद्रवार रेलवे पुल से लेकर लेबर कालोनी फाटक तक रामबारात मार्ग गड्ढों में तब्दील हो चुका है। निगम के सूत्रों की मानें तो सड़क निर्माण कार्य का टेंडर तो मई 2015 में उठा लेकिन निर्माण कार्य अभी तक नहीं कराया गया। रामबारात कमेटी ने डीएम से मार्ग का निर्माण शीघ्र कराने की मांग की है।
श्री सनातन धर्म रामलीला महोत्सव समिति लेबर कालोनी के तत्वावधान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की भव्य बारात शोभायात्रा दस अक्तूबर को निकलेगी। शहरी क्षेत्र के साथ हजारों ग्रामीण जनता रामबारात देखने उमड़ेगी। रामबारात शोभायात्रा के निकलने में तीन दिन का समय शेष रह गया है लेकिन मुख्य मार्ग को नगर निगम प्रशासन और जिला प्रशासन ने ठीक कराने की ओर कोई ध्यान नहीं दिया। चंद्रवार गेट रेलवे पुल स्थित देवी मंदिर प्रांगण से लेकर समूचे मार्ग ही गड्ढों में तब्दील हो गया है। अग्रवाल धर्मशाला से लेकर चंद्रवार गेट रेलवे के पुल तक सिर्फ लाल गिट्टी गड्ढों में भरवा दी गई है। छोटी छपैटी एवं कोटला मोहल्ले में कई स्थानों पर मुख्य रास्ते पर गड्ढे हैं। रेलवे स्टेशन के समीप गड्ढों के कारण डोले पलटने की संभावना है। इधर, स्टेशन रोड की तिकोनिया से लेकर लेबर कालोनी फाटक तक मार्ग की हालत खराब है। नगर पालिका के वार्ड संख्या 25 के निवर्तमान सभासद श्याम सिंह यादव ने कहा कि रामबारात शोभायात्रा मार्ग के गड्ढों को अभी तक नहीं भरवाया गया है। निगम की ओर से विशाल कंस्ट्रक्शन को 19 मई 2015 को रेलवे फाटक से लेकर अग्रवाल धर्मशाला तक एवं घंटाघर से चंद्रवार गेट तक का टेंडर दिया गया। लेकिन सड़क का निर्माण अभी तक नहीं कराया गया। गड्ढों में सिर्फ लाल गिट्टी को ही डाल दी गई। श्याम सिंह यादव ने दस अक्तूबर से पूर्व सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
रामलीला कमेटी ने की व्यवस्थाओं की मांग
फीरोजाबाद (ब्यूरो)। लेबर कालोनी रामलीला कमेटी के वीरेंद्र सिंह, राकेश मिश्रा,पंकज भारद्वाज, किशन यादव, मुकेश शुक्ला, सनिल भारद्वाज, मोहित, सनी, ललित पूर्व सभासद अजीत अग्रवाल, अनुराग मिश्रा, राजेंद्र वार्ष्णेय, विजय सिंह, विवेक कुमार, अमित कुमार आदि ने डीएम से खस्ताहाल मार्ग को ठीक कराने की मांग की है।