संकल्प दिवस पर सपा कार्यकर्ताओं में भरा जोश
विधायक हरिओेम यादव के जन्मदिवस पर जनसभा
सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने कहा है कि आज-कल साजिशों का दौर चल रहा है। एक दल दूसरे दल को नीचा दिखाने के लिऐ साजिशों का ताना बाना बुन रहा है। लेकिन जनता भी जागरूक हो चुकी है और सभी साजिशों को समझ रही है और मौका आने पर ऐसी साजिश रचने वालों को जनता माकूल जवाब भी देगी। सिरसागंज के वीरांगना अवंतीबाई विद्यालय में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव प्रो.रामगोपाल यादव ने संकल्प दिवस पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।
कठफोरी क्षेत्र के बाबा की शाला स्थित वीरांगना अवंतीबाई इंटर कालेज में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में सिरसागंज के विधायक हरिओम यादव का 59 वां जन्मदिवस संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रो.रामगोपाल यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप यादव ने अपने भाषणों से कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुऐ कहा कि आगामी चुनाव में विपक्षी पार्टियां की तरह-तरह की साजिशों के कुचक्र रचेंगी, आप लोगों को हर कुचक्र से होशियार रहना होगा।
वहीं विधायक हरिओम यादव ने कहा कि प्रो.रामगोपाल व उनके पुत्र सांसद अक्षय यादव के रूप में इस जनपद को जो विकास स्तंभ मिले हैं, उन्हीं का यह फल है कि इस विधानसभा में विकास का पहिया तेजी से घूम रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह छोटू ने कहा कि जिला पंचायत द्वारा 10 करोड़ की विकाय योजनाओं को जनता के बीच पूरा किया जा चुका है जबकि 30 करोड़ की योजनाओं का सीधा लाभ क्षेत्र की जनता को मिलने वाला है। इन्हीं विकास कार्यों के जरिए समाजवादी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में एक बार फिर जीत का परिचम लहराएगी। ठा. प्रदीप सिंह, राधाकिशन राजपूत, मातादीन धनगर, सुकेश यादव, अवधेश प्रताप बघेल, जिला पंचायत सदस्य डीपी यादव, श्रीमती सरोज शर्मा, मधुलता यादव, नगर अध्यक्ष सुनील यादव आदि पदाधिकारियों ने अतिथियों को गदा और शाल भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन रामहरि यादव ने किया।