टूंडला। एक देश, एक कानून, एक संविधान न्यायिक संगठन के पदाधिकारियों द्वारा बृहस्पतिवार से 11 सूत्री मांगों को लेकर तहसील परिसर में दिया जा रहा धरना सोमवार को समाप्त हो गया। पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत चंदनदास महाराज के अनुरोध पर पहुंचे अयोध्या के पीठाधीश्वर महंत बाल मुकंदाचार्य महाराज के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को 11 सूत्री मांगों को लेकर रैली निकाली थी। इसके साथ ही तहसील में रामायण का पाठ करते हुए धरना शुरू किया था। संगठन के पदाधिकारियों की मांग थी कि सरकार समान नागरिक संहिता लागू करे। सनातन आयोग का गठन, सनातन बोर्ड का गठन, मठ-मंदिरों से सरकार का नियंत्रण हटाए जाए। गोमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने, धर्मांतरण कानून सख्त बनाने, संविधान से धर्मनिरपेक्ष शब्द हटाने, बांग्लादेश में हो रहे हिंदुओं पर अत्याचार का संज्ञान भारत सरकार द्वारा लेने की मांग की गई थी।
पिछले पांच दिन से चल रहे धरनास्थल पर सोमवार दोपहर 12 बजे एसडीएम डाॅ. गजेंद्रपाल सिंह, तहसीलदार राखी शर्मा पहुंचे। उन्होंने उनकी बात ऊपर तक पहुंचाए जाने का आश्वासन दिया। एसडीएम के आश्वासन पर पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपते हुए धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान आनंदपाल सिंह तोमर, मयंक ठाकुर, रवि चौहान, धर्मेंद्र, शीलू सिकरवार आदि उपस्थित रहे।