हत्यारोपी वांछित दस हजार के इनामिया से पूछताछ करते हुए एसपी ग्रामीण रण विजय सिंह।
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद में आशीष हत्याकांड के फरार चल रहे दस हजार के इनामी गीतम सिंह यादव को पुलिस ने रविवार सुबह उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है। उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है।
एसपी ग्रामीण रणविजय सिंह ने बताया कि 19 नवंबर को सुधीर यादव निवासी मोहल्ला रहट गली ने मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें उसके भाई आशीष के सिर में लोहे की रॉड मार कर हत्या कर देने और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में गीतम सिंह यादव सहित चार भाइयों को नामजद कराया था। पुलिस ने इसमें से एक आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शेष फरार तीनों आरोपियों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दस हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
इसके बाद पुलिस ने दस हजार के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बचे एक आरोपी को रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है। एसपी ने पकड़े गए आरोपी का नाम गीतम सिंह यादव निवासी काजी टोला रहट गली बताया है। आरोपी युवक को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया।
बच्चों के विवाद में हुई थी घटना
गीतम सिंह यादव ने बताया कि घटना के दिन उसके बच्चों और पड़ोस में रहने वाले भूरी सिंह के बच्चों के बीच विवाद हो गया था। जिसमें कहासुनी होने के बाद उसने भूरी सिंह के ऊपर तमंचा से फायर कर दिया। इसी दौरान गुस्से में उसके भाई प्रीतम ने आशीष के सिर में लोहे की रॉड मार दी, जिससे आशीष की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी।