फीरोजाबाद। हत्या के आरोपी भोला को पुलिस हिरासत से भगाने की साजिश उसके साथी और प्रेमिका ने न्यायालय परिसर में रची थी। इसका खुलासा मटसेना पुलिस ने भोला के साथी की गिरफ्तारी के बाद किया। आरोपी के पास से पुलिस ने पुलिसकर्मियों से लूटे गए पांच कारतूस और कार बरामद की है। इसी कार में भोला साथियों के साथ बैठकर फरार हुआ था।
एसपी सिटी संजीव कुमार वाजपेयी ने बताया कि तिहरे हत्याकांड का आरोपी कुलदीप उर्फ भोला पुत्र रामलखन निवासी पिडसरा थाना सिरसागंज आठ जून 2016 को इटावा जेल से फीरोजाबाद न्यायालय में पेशी पर आया था। यहां से वह अपने साथी अवनीश यादव उर्फ पहलवान पुत्र राजवीर सिंह यादव निवासी नगला कन्हई थाना शिकोहाबाद और अपनी प्रेमिका दीक्षा उर्फ भूरी और दोनों सिपाहियों के साथ इटावा इटावा जेल जाने के लिए अवनीश की स्कार्पियो बैठा था। कुलदीप उर्फ भोला, अवनीश और भोला की प्रेमिका दीक्षा ने योजनाबद्ध तरीके से दोनों सिपाहियों को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया। भोला और उसका साथी दोनों सिपाहियों को बेहोशी की हालत में जेवड़ा मटसेना के समीप खेत में फेंककर भाग गए थे। मामले में मटसेना थाने में आरआई की तहरीर पर मुकदमा लिखा गया था। सोमवार रात मटसेना थाने में तैनात एसआई उमर फारुख ने आरोपी अवनीश यादव को लखनऊ एक्सप्रेस वे सिकहरा पुल के समीप से गिरफ्तार कर लिया।
भोला ने फोन कर बुलाया था शिकोहाबाद
पुलिस गिरफ्त में आए अवनीश यादव ने बताया कि आठ जून से पूर्व वह भोला की प्रेमिका दीक्षा के साथ भोला से स्थानीय न्यायालय परिसर में मिला था। यहां से सभी लोगों ने भागने की योजना बनाई। आठ जून को पेशी पर आने से पूर्व भोला ने फोन किया था। इस पर वह कार के साथ भोला की प्रेमिका को लेकर शिकोहाबाद पहुंचा। यहां से सिपाहियों के साथ भोला कार में बैठकर आया था।