टूंडला। सुभाष चौराहे पर नाश्ते की ठेल लगाने वाले दुकानदारों ने सोमवार को भी पालिका प्रशासन के विरुद्ध रोष जताते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। दुकानदारों का आरोप है कि पालिका प्रशासन की हठधर्मिता के चलते उनका काफी नुकसान हो रहा है। ठेल लगाने के लिए उन्हें ऐसा स्थान दिया है जहां ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है की ओवरब्रिज के नीचे जहां पर प्रशासन द्वारा उन्हें अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत ठेल लगाने के लिए जगह दी गई है वहां तक ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं। जबकि चौराहा के नजदीक प्रशासन ने विश्रामालय का बोर्ड लगवा दिया है।
उन्होंने मांग की है कि विश्रामालय को पीछे बनाया जाए और उन्हें आगे स्थान दिया जाए। या फिर उन्हें वह लंबे समय से जहां पर ठेल लगाते आ रहे हैं वहीं पर व्यापार करने की छूट दी जाए। विरोध करने वाले अरविंद राठौर, अमरीश शर्मा, विष्णु, देवेंद्र सिंह, रिंकू चौधरी, महाराज सिंह, अवधेश चौधरी, धर्मेंद्र यादव, रमेश राठौर, कैलाश, धर्मेंद्र दिवाकर, सूरजपाल और फरियाद अली मौजूद रहे।