फिरोजाबाद। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर जिले में शस्त्र जमा कराने की गति काफी धीमी है। जिले में अभी तक 50 प्रतिशत शस्त्र भी जमा नहीं हो सके हैं। हालांकि एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को शस्त्र लाइसेंस शीघ्र जमा कराने के निर्देश दिए हैं लेकिन जिले में 19419 शस्त्र में से जिले में 8043 ही शस्त्र जमा हो सके हैं। अभी 11376 शस्त्र जमा होना शेष हैं।
फिरोजाबाद संवेदनशील श्रेणी में आता है। जिले में चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराने को पुलिस-प्रशासन ने अभी से प्लानिंग शुरू कर दी है। जिले में शस्त्रों को जमा कराने पर जोर दिया जा रहा है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने में एक सप्ताह का समय शेष है लेकिन लेकिन अभी तक जिले में 50 प्रतिशत भी शस्त्र लाइसेंस जमा नहीं हो सके हैं।
एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने सभी थाना प्रभारियों को शस्त्र शीघ्रता से जमा कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही अवैध हथियारों की निगरानी भी कराई जा रही है। इसके लिए गोपनीय टीमों को भी गांवों में सक्रिय कर दिया है। वहीं डीएम चंद्र विजय सिंह ने सभी एसडीएम एवं सीओ को भी शस्त्र जमा कराने की समीक्षा तहसील स्तर पर कर शीघ्रता से जमा कराने के निर्देश दिए हैं।
जिले में शस्त्र लाइसेंस का आकड़ा एक नजर में....
कुल शस्त्र लाइसेंस धारक- 22354
लाइसेंसी शस्त्रों की संख्या- 23779
निलंबित किए गए शस्त्र- 186
जिले से बाहर रहने वाले शस्त्र लाइसेंस-3048
जिले में शस्त्र जमा कराए जाने की संख्या-19419
जिले में एक अप्रैल 2021 तक जमा शस्त्र-8043
ऐसे शस्त्र जो जमा कराया जाना है शेष-11376
जिले में सभी थाना प्रभारियों को शस्त्र जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं। शस्त्रों को जमा कराने के काम में तेजी लाई जाएगी, जिससे पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से कराया जा सके।
अजय कुमार पांडेय, एसएसपी फिरोजाबाद