लूट की सूचना पर पहुंची पुलिस जानकारी करती। संवाद
फिरोजाबाद। दक्षिण क्षेत्र में हिमायूंपुर टॉवर वाली गली स्थित मकान में सोमवार देर रात आधा दर्जन बदमाशों ने आधे घंटे तक लूटपाट की। मकान स्वामी कैलाश रविवार को अपने बड़े बेटे राम कुमार के पास बल्लभगढ़ गए थे। बाकी उनके दोनों बेटे सरवन और शिवम हिमायूंपुर में ही अलग-अलग घर में रहते हैं।
घर के बरामदे में कैलाश की पत्नी सुशीला देवी अपनी तीन वर्षीय नातिन के साथ सो रही थीं। सुशीला ने बताया कि रात 12:30 बजे के आसपास छत के रास्ते से आधा दर्जन बदमाश काली पन्नी ओढ़े घर में आ गए। बदमाश ने उनके चेहरे पर टार्च जलाई।
उन्होंने अपने बेटे को मोबाइल मिलाने की कोशिश की तो एक बदमाश ने उनके बाल खींच लिए। एक अन्य बदमाश ने कमरों की चाबी मांगी। घबरा कर उन्होंने चाबी दे दी। सुशीला के अनुसार उनकी दोनों बेटियों के सोने-चांदी के गहने और 27500 रुपये लूट लिए। उनकी पिटाई भी की। थाना दक्षिण के इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना संदिग्ध है। जांच की जा रही है।