फिरोजाबाद। ऑपरेशन मुस्कान और मिशन शक्ति अभियान के तहत शनिवार को ट्रेनों में चेकिंग के दौरान जीआरपी टीम ने जम्मू तवी एक्सप्रेस से एक व्यक्ति को 11 माह के मासूम बच्चे के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में हिरासत में लिया। संदेह होने पर पुलिस ने व्यक्ति और बच्चे को शिकोहाबाद स्टेशन पर उतारकर पूछताछ की, तो उसकी पहचान मुकेश कोहली निवासी ग्राम थपलियाल (थाना देवप्रयाग, उत्तराखंड), हाल निवासी रोहिणी (दिल्ली) के रूप में हुई। पुलिस द्वारा परिजन से संपर्क करने पर पता चला कि मुकेश की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह बिना बताए बच्चे को घर से लेकर निकल गया था। जीआरपी की सूचना पर तत्काल शिकोहाबाद पहुंचे परिजनों को बच्चा और उसके पिता सकुशल सुपुर्द कर दिए गए। इस सराहनीय कार्य में प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह, चौकी प्रभारी शिकोहाबाद उपनिरीक्षक हरीश कुमार, हेड कांस्टेबल कोशल कुमार और विवेक कुमार शामिल रहे। संवाद