बाइक सवार बदमाशों ने सिरसागंज स्थित बैंक से पांच लाख रुपये निकाल कर ले जा रहे सेवानिवृत्त फौजी को कोल्डस्टोरेज के गेट पर लूट लिया। फौजी रुपयों को शीतगृह के मुनीम को देने आए थे। दिनदहाडे़ हुई वारदात से सनसनी फैल गई। मौके पर एसपी सहित पुलिस फोर्स पहुंच गया। बदमाशों की तलाश की जा रही है।
नगला गुलाल निवासी जयप्रकाश पुत्र शहदेव सिंह दोपहर करीब डेढ़ बजे इटावा रोड स्थित स्टेट बैंक पांच लाख 14 हजार रुपये निकालकर हाईवे स्थित वीरभान सिंह कोल्ड स्टोर के मुनीम को देने के लिए चले थे। जब वह कोल्डस्टोरेज पहुंचे तो वहां उन्हें मुनीम नहीं मिले। इसके बाद पास के स्कूल में उन्हें देखने चले गए। कुछ देर बाद लौटे तो मुनीम उन्हें शीतगृह के गेट पर मिल गए। उन्हें रुपये देते तभी एक युवक ने उनके हाथ में लगा बैग लूट लिया। जबकि उसका एक साथी बाइक स्टार्ट कर खड़ा था। बताते हैं कि युवक के हाथ में तमंचा लगा था।
जयप्रकाश बाइक सवारों के पीछे भागे लेकिन वह हाईवे पर तेज रफ्तार से ओझल हो गए। दिन दहाड़े हुए लूट की वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कई थानों का फोर्स पहुंच गया। बाद में दो घंटे तक बैंक के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। शाम करीब छह बजे एसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने बताया कि जयप्रकाश को कुछ दिन पहले ही ऐक्सप्रेस वे की जमीन की बिक्री का रुपया मिला था। बदमाशों की तलाश की जा रही है। एसओजी की दो टीमों को लगाया गया है।