दीपावली के मौके पर जनता को पेयजल की समस्या न हो, इसके लिए जलकल विभाग द्वारा पूरी तैयारी की गई है। शहर की सभी 25 टंकियां, 14 सीडब्लूआर भरवा दिए गए हैं। शहर में 207 नलकूप चालू हैं। अवर अभियंता पीके सिंह ने बताया कि रात में टंकियों को और भरा जाएगा।
सुबह 5:30 बजे आपूर्ति खोल दी जाएगी। जनता को भरपूर पानी मिलेगा। इसके अलावा सुहाग नगर तिराहा, थाना रसूलपुर, आसफाबाद भारत टाकीज के निकट, थाना लाइनपार पर टैंकर खडे़ कराए जाएंगे। इसके अलावा 35-40 टैंकरों से भी पानी की आपूर्ति की जाएगी। वहीं दीपावली महोत्सव पर बिना किसी कटौती के बिजली सप्लाई होगी। उपभोक्ताओं को भरपूर बिजली मिलेगी। विभाग द्वारा लोकल स्तर पर कोई कटौती नहीं की जाएगी। सभी विभागीय अधिकारी कर्मचारियों को अलर्ट जारी कर दिया गया है। कहीं फाल्ट होने की सूचना पर तत्काल टीम पहुंचेगी। सभी अवर अभियंता भी ड्यूटी पर रहेंगे। ट्रांसफार्मर फुंकने की स्थिति वहां ट्राली लगाकर आपूर्ति बहाल कराई जाएगी।