फिरोजाबाद। जिला सड़क हादसों और उनमें होने वाली मौतों के मामले में देश में 97वें स्थान पर है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सेव लाइफ फाउंडेशन की टीम ने चौंकाने वाले आंकड़े पेश किए ।
बैठक में प्रजेंटेशन देते हुए सेव लाइफ फाउंडेशन की टीम ने बताया कि आईरेड के डेटा के अनुसार सड़क हादसों के मामले में फिरोजाबाद देश के शीर्ष 100 शहरों में शामिल है और वर्तमान में 97वें स्थान पर है। रिपोर्ट में जिले के 3 क्रिटिकल मार्ग और 110 ऐसे स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां सर्वाधिक दुर्घटनाएं होती हैं। फाउंडेशन ने जिले के 8 क्रिटिकल थानों की पहचान की है, जिनके कार्यक्षेत्र में सबसे अधिक सड़क हादसे दर्ज किए गए हैं।
विज्ञापन
टीम ने प्रवर्तन कार्रवाई को और कड़ा करने की आवश्यकता बताई। वहीं, आपातकालीन सेवाओं की समीक्षा में सामने आया कि देहात के कई इलाकों में एम्बुलेंस पहुंचने में 15 से 20 मिनट से अधिक का समय लग रहा है, जो घायलों की जान बचाने के लिहाज से काफी अधिक है।
अधिकारियों ने किया हाईवे का निरीक्षण : बैठक के बाद फाउंडेशन की सहायक मैनेजर गरिमा और सिविल इंजीनियर ने सीओ ट्रैफिक तेजस त्रिपाठी के साथ टूंडला से फिरोजाबाद और शिकोहाबाद तक हाईवे का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने जसराना मार्ग का भी मुआयना कर सुधार के बिंदु नोट किए। इसके अलावा क्रिटिकल कॉरिडोर और क्रैश प्रोन लोकेशन (दुर्घटना संभावित क्षेत्रों) पर विशेष इंजीनियरिंग कार्य कराए जाएंगे ताकि हादसों को कम किया जा सके।