टूंडला। एक पिता को बेटी द्वारा प्रेम विवाह करना इतना नागवार गुजरा कि उसने बेटी का सोरों गंगाघाट पर जाकर भतीजे से पिंडदान करा दिया। इसके लिए उसने अपने रिश्तेदारों, मित्रों व नगर में निमंत्रणपत्र भी बांटे। पिता की इस नाराजगी की नगर में चर्चा है।
मामला नगर के एक मोहल्ले का है। बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत कर्मचारी की संतान न होने पर उसने बड़े भाई की बेटी को गोद लिया था। बेटी बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक बन गई। इस बीच बेटी के प्रेम संबंध दूसरे मोहल्ले के युवक से हो गए। बेटी 20 मई को घर से प्रेमी संग चली गई।
पिता के समझाने पर पर बेटी जिद पर अड़ी रही। बेटी के इस निर्णय से पिता ने उससे रिश्ते खत्म कर दिए। इसके बाद रविवार को पूरे परिवार, रिश्तेदार व मित्रों को साथ भतीजे (बेटी के सगे भाई) से कासगंज के सोरों गंगाघाट पर पिंडदान कर दिया। इतना ही नहीं बेटी के त्रयोदशी संस्कार की ही तरह नगर में निमंत्रण पत्र भी बांटे गए हैं। भाई से पिंडदान कराने व निमंत्रण पत्र को लेकर नगर में चर्चाएं रहीं। कुछ इसे गलत तो कुछ सही ठहरा रहे हैं।
परिणय सूत्र में बंधकर निभाएंगे जीवन भर साथ
टूंडला। वहीं इस प्रेमी युगल ने रिश्ते को मजबूर व जीवन परियंत साथ निभाने के लिए परिणय सूत्र में बंधने जा रहे हैं। वे आगामी 27 जून को एक मैरिज होम में विधि विधान से शादी करने जा रहे हैं। उनका कहना है कि उन्होंने कोई पाप नहीं किया है। वे एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और उस प्रेम को जीवन भर निभाने के लिए विवाह कर रहे हैं। कर रहा है। वर्तमान में युवती प्रेमी संग आगरा में रह रही है।
रिश्तेदरों व मित्रों को बांटे निमंत्रण पत्र
टूंडला। शिक्षिका बेटी से नाराज पिता ने निमंत्रण पत्र में लिखा है कि हमारी कुपुत्री बेटी का नरकलोक गमन हो गया है। उसकी आत्मा की शांति को पिंडदान रविवार को गंगा घाट सोरों, कासगंज में किया जाएगा। उसकी आत्मा की शांति को पिंडदान में शामिल होकर हमें कृतार्थ करें। ईश्वर ऐसी बेटी किसी को न दे। ऊं शांति।