फिरोजाबाद। पाइप लाइन मरम्मत के नाम पर मनमाना बिल बनाने को लेकर जलकल विभाग पहले से सुर्खियों में हैं, अब एक नया प्रकरण सामने आ गया है। नई लाइन डालने के लिए निकाले गए पुराने डेगसार के करीब 200 मीटर लंबे पाइप को ठेकेदार ने बाजार में बेच दिया। तीन-चार दिन तक निगम के जलकल विभाग के अधिकारी इस प्रकरण को दबाए रहे। एक पार्षद की शिकायत पर यह मामला सामने आया। निगम अफसरों के मुताबिक मामले की जांच कराई जा रही है।निगम क्षेत्र नई बस्ती में आंबेडकर धर्मशाला के आसपास क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन को बदला जा रहा है। पुरानी लाइन को खोद कर बाहर निकाल दिया गया है, जबकि प्लास्टिक पाइप की नई लाइन डाली जा रही है। पार्षद का आरोप है कि ठेकेदार शिवकुमार वर्मा ने पुरानी डेगसार की लगभग 200 मीटर लंबे पाइप को बाजार में बेच दिया। जानकारी मिलने पर निगम पार्षद देशदीपक यादव मौके पर पहुंचे। मौके पर मौजूद ठेकेदार व श्रमिकों ने डेगसार की लाइन को बगैर अनुमति बाजार में बेचने की बात स्वीकार की।
पार्षद ने नगर आयुक्त को इस प्रकरण की जानकारी दी। तब यह मामला खुला। महाप्रबंधक जलकल रामबाबू राजपूत ने इस प्रकरण में जांच कराने की बात कही है। वहीं पार्षद देश दीपक के मुताबिक खुदाई के दौरान निकली डेगसार की पुरानी लाइन निगम की अमानत होती है। ठेकेदार पर कार्रवाई होनी चाहिए।