फिरोजाबाद। गांधी पार्क में प्रस्तावित थीम पार्क निर्माण तेजी से पूरा कराया जाएगा। बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त ने कार्यदायी संस्था यूपीपीसीएल अफसरों के साथ चिह्नित स्थान का दौरा किया। वहीं लंबे समय से जीर्णोद्धार प्रक्रिया से गुजर रहे रामचंद्र पालीवाल हॉल भी सार्वजनिक कार्यक्रम के लिए आमजन को सुलभ होगा।
नगर निगम की ओर से गांधी पार्क में लोगों के मनोरंजन के लिए थीम पार्क का निर्माण प्रस्तावित है। लगभग 2.87 करोड़ की कार्ययोजना को शासन की हरी झंडी मिल चुकी है। उत्तर प्रदेश के उपक्रम यूपीपीसीएल द्वारा गांधी पार्क में थीम पार्क निर्माण को अधिकृत किया गया है। नगर आयुक्त ऋषिराज ने यूपीपीसीएल अफसरों के साथ गांधी पार्क का दौरा किया। नगर आयुक्त ने थीम पार्क निर्माण का काम जल्द शुरू कराने की हिदायत दी। एक्सईएन आशीष शुक्ल ने बताया कि गांधी पार्क में प्रस्तावित थीम पार्क निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा।
रामचंद्र पालीवाल हॉल का काम पूरा
लंबे समय से जीर्णोद्धार और मरम्मत प्रक्रिया के बाद नगर निगम का रामचंद्र पालीवाल हॉल जल्द ही आमजन को सुलभ होगा। जन सहभागिता योजना के तहत पर्यटन विभाग और नगर निगम द्वारा रामचंद्र पालीवाल हॉल का आधुनिकीकरण किया गया है। इस पर करीब 1.5 करोड़ की धनराशि खर्च की गई है। बृहस्पतिवार को नगर आयुक्त ने रामचंद्र पालीवाल हॉल के जीर्णोद्धार का निरीक्षण किया।