गणेश चतुर्थी पर सुहागनगरी में विघ्नहर्ता भगवान गणेश की मूर्ति स्थापना की सोमवार को धूम रही। बैंडबाजों-ढोल नगाड़ों के साथ जुलूस निकले। नाचते, झूमते, धूम मचाते गणेश जी की मूर्ति की स्थापना की गई। गणपति बप्पा के जयकारों से राहें गुंजायमान हो उठी। शहर के प्रमुख मंदिरों के साथ पार्कों में पांडाल सजाए गए।
गणेश महोत्सव की तैयारियां पहले ही शुरू हो चुकी थी। पांडाल आकर्षक रूप से सजाए गए थे। सोमवार को गणपति महाराज को विराजमान करने बाईपास रोड स्थित गोपाल आश्रम प्रांगण से बैंडबाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। मंत्रोच्चारण के साथ मूर्ति की स्थापना की गई। महिलाएं, पुरुष युवक, युवतियाें समेत छोटे बच्चे झूम रहे थे। नगर की पॉश कालोनी विभव नगर कल्याण समिति ने सेक्टर एक से शोभायात्रा निकालकर लाल बाग के राजा के नाम से गणेश मूर्ति स्थापना विधि विधान से की। शुभारंभ आरती उतारकर उमाशंकर अग्रवाल एवं हरी झंडी रामनरेश कटारा एवं हरवंश शर्मा ने दिखाई। उन्होंने कहा कि 15 सितंबर तक कार्यक्रम होंगे। इस दौरान मुकेश शर्मा, कुशाग्र शर्मा, पवन उपाध्याय, अनूप गुप्ता, प्रवीन गुप्ता, चुन्नी अग्रवाल शामिल रहे।
जलेसर रोड स्थित काली मंदिर प्रांगण में भगवान गणेश की प्रतिमा पंडित मूलचंद्र शर्मा एवं श्री बांके बिहारी महाराज मंदिर प्रांगण में महंत मुन्नालाल शास्त्री ने गणपति महाराज की मूर्ति स्थापना की। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने टापा कलां रावत चौक पर गणेश प्रतिमा स्थापित की। रवि यादव, सीटू यादव, सुरेंद्र यादव, रोहित, शीलू, कुलदीप, प्रदीप, विपिन, विनय, सौरभ, रमाशंकर आदि शामिल रहे। छोटी छपैटी स्थित अग्रवाल धर्मशाला के करीब जलवा वाले बाबा का गणेश पांडाल में स्थापना के साथ आरती उतारी गई। सोहन मार्केट स्थित गणेश महोत्सव का शुभारंभ जीके शर्मा ने आरती उतारकर दुर्गा नगर स्थित गणेश प्रिंटर्स से किया। यहां से जुलूस बड़े हनुमान मंदिर, हनुमान रोड, दुली चौराहा, डाकखाना चौराहा होते हुए सोहन मार्केट पहुंचा। यहां भगवान गणेश की मूर्ति स्थापना पीयूष आचार्य व शिवम मिश्रा ने कराई। मार्ग में राजीव अग्रवाल, वीरेंद्र बंसल, मोहित गर्ग, विकास बंसल, शरद कुमार चतुर्वेदी, प्रकाश निधि गर्ग, अश्वनी चतुर्वेदी, सुधीर लहरी, अमित चतुर्वेदी ने स्वागत किया। छह सितंबर को अखंडमय पाठ होगा। कोटला रोड के साथ ही नगर के कई स्थानों पर गणेश पांडाल सजाए गए।
पुलिस प्रशासन की बढ़ी जिम्मेदारी
गणेश पांडालों के सजने के साथ ही मंगलवार से जैन समाज के पर्यूषण महापर्व की शुरूआत होगी। ऐसे में जैन मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रमों एवं गणेश पांडालों से देर रात तक श्रद्धालु लौटेंगे। एक साथ कार्यक्रम होने एवं 13 सितंबर को ईद उल अजहा होने के कारण पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी बढ़ गई है।