नए साल का आगाज धूमधड़ाके के साथ हुआ। रात को 12 बजते ही सुहागनगरी नववर्ष के जश्न में डूब गई। होटल एवं रेस्तराओं में आयोजित पार्टियों में युवाओं ने जमकर धमाल मचाया। आसमान में आकर्षक आतिशबाजी का नजारा नजर आया। लोगों ने एक दूसरे को हैप्पी न्यू ईयर की बधाइयां दीं।
नए साल के स्वागत पर जश्न पूर्व संध्या से ही शुरू हो गया। तमाम संगठनों एवं युवाओं ने न्यू ईयर सेलीब्रेशन पार्टी का आयोजन किया। होटल एवं रेस्तराओं में धूमधाम से जश्न मनाया गया। वहीं, कई मोहल्लों में चौराहे पर डीजे लगाकर युवा झूमे। रात को घड़ी में 12 बजे का अलार्म बजते ही पूरा शहर हैप्पी न्यू ईयर से गूंज उठा। युवाओं ने जमकर आतिशबाजी की। आसमान में भी आतिशबाजी का अद्भुत नजारा दिखा। लोगों ने एक दूसरे को न्यू ईयर की शुभकामनाएं दीं। न्यू ईयर का जश्न देर रात तक चलता रहा। वहीं, गुरुवार को लोगों ने अपने मित्रों को शुभकामना संदेश के साथ उपहार भी प्रदान किए। देर रात तक प्रमुख होटल में टीनएजर्स की भीड़ दिखी। कोचिंग सेंटर एवं कॉलेजों में भी न्यू-ईयर पार्टी आयोजित की गईं।
12 बजते ही फोन का नेटवर्क हुआ व्यस्त
नया साल आते ही फोन की घंटियां घनघनाने लगीं। लोग एक-दूसरे को बधाई देने में मशगूल हो गए। 12 बजते ही मोबाइल का नेटवर्क व्यस्त हो गए। वहीं, व्हाट्सएप, फेसबुक भी पूरी तरह रुक गए। शुक्रवार को पूरे दिन नेटवर्क व्यस्त होने की वजह से लोगों को फोन लगाने में कठिनाइयां महसूस हुईं।
नव वर्ष पर मंदिरों में दिखीं भीड़
नए साल की शुरुआत लोगों ने ईश्वर का नाम लेकर की। सुबह सुबह राजराजेश्वरी कैला देवी मंदिर, वैष्णो देवी धाम, गोपाल आश्रम, छदामीलाल जैन मंदिर, चंद्रप्रभु मंदिर, बालाजी आदि प्रमुख मंदिर पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही। शाम को भी श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर नया साल मंगलमय होने की प्रभु से कामना की।
सोशल मीडिया पर भेजे बधाई संदेश
मोबाइल एसएमएस से ज्यादा युवाओं ने शुभकामना देने के लिए सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया। व्हाट्सएप पर ग्रीटिंग एवं शुभकामनाएं संदेश भेजे गए। वहीं, नए साल पर मनाए जा रहे जश्न को युवा तुरंत फेसबुक, ट्विटर जैसी वेबसाइटों पर अपलोड करते रहे।