बस स्टैंड में खड़ी रोडवेज बस में कार ने टक्कर मारी
शिकोहाबाद। रोडवेज बस स्टैंड पर सोमवार की रात कार सवार युवकों ने शराब के नशे में खड़ी रोडवेज बस में टक्कर मार दी, जिससे सवारियों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर कार सवार एक युवक को हिरासत में ले लिया।
सोमवार की रात रोडवेज बस (यूपी 85 एएच 9016) सवारियाें के लिए रोडवेज बस स्टैंड में खड़ी हुई थी, तभी एक कार सवार दो युवकों तेज रफ्तार में चलाते हुए आए और खड़ी रोडवेज बस में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा होते ही बस में बैठी सवारियों में चीख पुकार मच गई। तेज आवाज के साथ हुए धमाके से बस स्टैंड में तैनात कर्मचारी सकते में आ गए। सभी दौड़ कर आए तो देखा कार में दो युवक सवार हैं। दुर्घटना के बाद एक युवक भाग गया, जबकि एक को पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कर्मचारियों ने बताया कि कार में सवार युवक शराब के नशे में धुत्त थे। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर संत जनू बाबा चौकी पर खड़ी करा दी। प्रभारी निरीक्षक हरवेंद्र मिश्र ने बताया कि देर रात बस में कार सवार ने टक्कर मार दी थी। दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।