शिकोहाबाद। मुख्यमंत्री पोर्टल पर आई शिकायत की जांच करने पहुंची पुलिस टीम के साथ दो सगे भाइयों ने अभद्रता कर दी। आरोपियों ने न सिर्फ पुलिस टीम को धमकाया, बल्कि जबरन पुलिस पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए वीडियो भी बना लिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ नसीरपुर में मुकदमा दर्ज किया है।
थाना नसीरपुर के गांव बाकलपुर में सिंहराज सिंह सरकारी खर्चे पर खेत में पानी की पाइप लाइन बिछवाने का कार्य कर रहा था। उसका आरोप है कि पड़ोसी आलोक, मनीष, विश्वराज उर्फ जगत सिंह, प्रदीप, हवराज सिंह ने पीड़ित के घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। पोर्टल पर आई शिकायत की जांच करने के लिए नसीरपुर पुलिस टीम गांव बाकलपुर पहुंची। पुलिस टीम को देखकर आरोपी आलोक और मनीष दोनों भाई जोकि अभी छात्र हैं, वह पुलिस से भिड़ गए।
उन्होंने पुलिस टीम पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए जबरन टीम का वीडियो बना लिया। पुलिस ने दोनों आरोपी भाइयों के खिलाफ पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई है। इंस्पेक्टर नसीरपुर ज्ञानेंद्र सोलंकी ने बताया कि थाने से पुलिस गांव बाकलपुर में जांच के लिए गई थी। तभी दोनों आरोपियों ने पुलिस का जबरन वीडियो बनाया और अभद्रता की थी।