फिरोजाबाद। ग्रामीण अंचल में 18 नए अंत्येष्टि स्थल बनाने के साथ ही 18 स्कूलों की चहारदीवारी बनाई जाएगी। इसमें करीब पांच करोड़ से अधिक धनराशि खर्च की जाएगी। प्रशासन ने बीएसए से बाउंड्रीवाल विहीन स्कूलों की सूची मांगी है।
प्रशासन की ओर से नए वित्तीय वर्ष 2024-25 में कराए जाने वाले विकास कार्य का खाका खींचना प्रारंभ कर दिया है। शासन की ओर से जिले के 18 प्राइमरी अथवा जूनियर स्कूल जहां बाउंड्रीवाल नहीं है उनकी सूची मांगी है। इन स्कूलों में बाउंड्री लगाने का काम किया जाएगा। इस पर करीब 56.18 लाख रुपया खर्च किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण अंचल की 18 पंचायतों में अंत्येष्टि स्थल बनाए जाएंगे। इन अंत्येष्टि स्थल के निर्माण पर करीब चार करोड़ 50 लाख रुपया खर्च किया जाएगा।
- ग्रामीण अंचल में स्कूलों की बाउंड्रीवाल कराने के साथ-साथ 18 गांवों में अंत्येष्टि स्थल बनाए जाने का प्रावधान किया है। ताकि ग्रामीण जनता को राहत मिल सके। स्कूलों का चिह्नांकन कर बाउंड्रीवाल बनाने की कार्रवाई की जाएगी। - दीक्षा जैन सीडीओ फिरोजाबाद
तीन वार्डों में 2.20 करोड़ के विकास कार्य शुरू
फिरोजाबाद। निगम क्षेत्र के तीन वार्डों में एन-कैप के तहत करीब 2.28 करोड़ के निर्माण कार्यों का शुभारम्भ रविवार को हुआ।
वार्ड संख्या 34 में महादेव नगर, वार्ड संख्या 45 नगला विश्नू और वार्ड संख्या 18 अमृतनगर में लगभग दो करोड़, 28 लाख 57000 रुपये की लागत से कच्ची गलियों का पक्का कराने के अलावा घरों से निकलने वाले गंदे पानी की निकासी के लिए नाला-नाली का निर्माण कराया जाएगा। महापौर कामिनी राठौर ने निर्माण कार्य शुरू कराए। एन-कैप के तहत महादेव नगर में स्वीकृत विकास कार्य योजना पर 89.01 लाख रुपये, आनंद बिहार (नगला विश्नू) में स्वीकृत दो कार्ययोजनाओं पर एक करोड़,चार हजार रुपये के अलावा वार्ड अमृतनगर में स्वीकृत कार्य योजना के तहत लगभग 25.42 लाख रुपये की लागत वाले विकास कार्य कराए जाएंगे। क्षेत्रीय पार्षदों के अलावा महानगर अध्यक्ष राकेश शंखवार एवं भाजपा नेता भी रहे।