कोटला नारखी मार्ग स्थित भीतरी मोड़ के समीप युवक की जली लाश मिलने से
सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो
झाड़ियों के समीप से उसका मोबाइल मिल गया। फोन के माध्यम से युवक की
शिनाख्त मैनपुरी निवासी सौरभ के रुप में हो गई। सूचना पर परिवारीजन भी
पहुंच गए। शव जलाने से पूर्व युवक की गला रेतकर हत्या की थी।
मृतक के बहनोई सतीश ने बताया कि सौरभ (25) पुत्र रामचरन मूलरुप से मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के भामत
चौराहा का रहने वाला है। वर्ष 2008 में उसके पिता की हादसे में मौत हो गई
थी। चार बहनों के बीच सौरभ अकेला भाई था उसकी शादी भी नहीं हुई थी। वह
नौकरी की तलाश कर रहा था। शनिवार सुबह आगरा में इंटरव्यू देने की बात कहकर
घर से निकला था। इसके बाद वह लौटकर नहीं आया। मृतक के बहनोई सतीश ने बताया
कि देर शाम तक सौरभ घर नहीं पहुंचा तो उसकी मां ने सूचना भेजी थी। उसके फोन
पर संपर्क किया लेकिन वह बंद था। कोतवाल नारखी का कहना है कि हत्या का
कारण स्पष्ट करने के लिए पुलिस की एक टीम को मैनपुरी भेजा गया है। पीएम
कराने के बाद मृतक के परिवारीजनों से बात की जाएगी। इसके साथ ही तहरीर लेकर
मामला दर्ज कर हत्या का खुलासा जल्द किया जाएगा। शव को जलाने से पूर्व
आरोपियों ने उसकी गला रेतकर हत्या की है।