फिरोजाबाद। सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव नगला नैनसुख में विद्युत निगम की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान एक व्यक्ति ने संविदा कर्मचारी के साथ अभद्रता कर दी। मामला बढ़ता देख बड़ी संख्या में ग्रामीण व सिरसागंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गांव के बुजुर्गों ने मामले को शांत कराया।
एसडीओ धर्मेंद्र राजपूत ने बताया कि गांव नगला नैनसुख के ग्रामीणों द्वारा विद्युत बिल जमा नहीं किए जा रहे थे। गांव की आपूर्ति काटने के लिए टीम गांव पहुंची। संविदा कर्मचारी संदीप कुमार द्वारा गांव की बिजली काटी जा रही थी। तभी गांव के ही एक व्यक्ति ने टीम के साथ अभद्रता कर दी। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गांव के ही कुछ ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत करा आरोपी से माफी मंगवाकर मामले को शांत कराया। इस पर संविदा कर्मचारी द्वारा किसी के खिलाफ तहरीर नहीं दी गई।
उन्होंने बताया कि सिरसागंज क्षेत्र में चले अभियान के दौरान 32 लाख रुपये से अधिक के बकाए पर 143 घरों की बिजली कनेक्शन त्योहार से पूर्व काट दिए गए। वहीं नगला नैनसुख गांव की विद्युत कनेक्शन पूरी तरह से काट दी गई है।
पांच सौ मीटर चार चोरी
फिरोजाबाद। अरांव से लेकर रामनगर तक 11 हजार लाइन के 500 मीटर तार बुधवार रात चोर चोरी कर ले गए। विद्युत निगम अधिकारियों को घटना की जानकारी बृहस्पतिवार सुबह हो सकी। अवर अभियंता सर्वेंद्र कुमार ने तहरीर दी है। अवर अभियंता ने बताया कि मंगलवार रात रामनगर से मोहम्मदपुर तक करीब नौ सौ मीटर तार चोरी हुआ था। इसकी भी तहरीर दी गई थी।