फिरोजाबाद के टूंडला में हाईवे रीजेंसी के सामने शुक्रवार दोपहर सवारियां उतार रही रोडवेज बस में पीछे से टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में बस में बैठे चार यात्री घायल हो गए। हादसे में बस और टैंकर क्षतिग्रस्त हो गए। इसके साथ ही हाईवे पर जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर मार्ग सुचारू कराया।
घटना शुक्रवार शाम साढे़ तीन बजे करीब की है। हाईवे रीजेंसी के ठीक सामने इटावा से आगरा जा रही रोडवेज बस हाईवे स्थित पैदल पुल के नीचे यात्रियों को उतार रही थी तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार टैंकर ने बस में टक्कर मार दी। हादसे में बस और टैंकर दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। साथ ही बस बैठे चार यात्री घायल हो गए। यात्रियों की सूचना पर पुलिस पहुंचती उससे पूर्व ही टैंकर चालक व क्लीनर दोनों भाग गए।
हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाते हुए मार्ग को सुचारू कराया। तब करीब आधे घंटे बाद जाम खुलने पर राहगीरों को राहत मिल सकी। बस चालक राजेंद्र सिंह निवासी चांद मियां वाली गली थाना सिविल लाइन, इटावा व परिचालक आशुतोष ने यात्रियों को अन्य बस में बैठाकर रवाना किया। थाना प्रभारी बैजनाथ सिंह ने बताया कि रोडवेज बस में टक्कर मारने वाले टैंकर चालक की तलाश की जा रही है।