शिकोहाबाद(फिरोजाबाद)। वसूली में लापरवाही एवं कार्य के प्रति उदासीनता के चलते मासिक लक्ष्य की वसूली न कर पाने पर अधिशासी अधिकारी ने दो प्रभारी कर संग्रहकर्ताओं का नवंबर का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोक दिया है।
जिलाधिकारी द्वारा माह नवंबर की वसूली की समीक्षा की गई, जिसमें लक्ष्य से कम वसूली होने पर नाराजगी जाहिर की गई।
अधिशासी अधिकारी ने बताया कि कर संग्रहकर्ता ज्ञानचंद्र जैन ने निर्धारित पुराना मासिक लक्ष्य 28166 रुपये एवं नया मासिक लक्ष्य 56 हजार रुपये के सापेक्ष 30 नवंबर तक की वसूली मात्र 2370 रुपये हुई है। वहीं कर संग्रहकर्ता लायक सिंह ने पुराना मासिक लक्ष्य 46583 एवं नया मासिक लक्ष्य 46 हजार के सापेक्ष 30 नवंबर तक मात्र 5378 रुपये वसूली की है, जो काफी कम है।
अधिशासी अधिकारी ने अपने आदेश में कहा है कि इससे प्रतीत होता है कि प्रभारी कर संग्रहकर्ता अपने कार्य के प्रति उदासीनता एवं लापरवाही बरत रहे हैं। कई बार लिखित एव मौखिक रूप से लक्ष्य वसूली करने के लिए आदेशित किया गया, लेकिन उनकी कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया है।
निर्धारित जलमूल्य के मासिक लक्ष्य के सापेक्ष वसूली न करने पर दोनों प्रभारी कर संग्रहकर्ता के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करते हुए माह नवंबर का वेतन अग्रिम आदेश तक रोका दिया है। अधिशासी अधिकारी के इस निर्णय से पालिका के अन्य कर्मचारियों में भी खलबली मच गई है। उन्होंने कहा कि जो भी कर्मचारी कार्य में लापरवाही बरतेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।