फिरोजाबाद। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. अनिल जैन के भतीजे (कांच कारोबारी) की हत्या की सुपारी लेने वालों को पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया। जेल भेजने से पूर्व दोनों की कोरोना की जांच कराई गई। इधर, भाजपा नेता के भतीजे और कांच कारोबारी नितिन अग्रवाल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस की ओर से उन्हें गनर मुहैया कराए गए हैं। शीघ्र ही एक टीम गोरखपुर जेल में बंद देवेंद्र यादव से पूछताछ के लिए जाएगी।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अनिल जैन के भतीजे कांच कारोबारी नितिन अग्रवाल पुत्र विमल अग्रवाल के मुनीम कुलदीप की विगत 2014 में हत्या कर दी गई थी। मुनीम की हत्या में शिवा नामजद था। मामले में गोरखपुर जेल में बंद शिवा का बड़ा भाई देवेंद्र यादव समझौते के प्रयास में था लेकिन वह सफल नहीं हो सका। इस पर वह कांच कारोबारी नितिन अग्रवाल से रंजिश मानने लगा और उसने भाजपा नेता के भतीजे की हत्या की सुपारी दे डाली।
थाना सिरसागंज पुलिस ने सुपारी लेने वाले आशीष और संदीप निवासी आजमगढ़ को शनिवार को चेकिं ग के दौरान गिरफ्तार कर लिया था। रविवार को दोनों को जेल भेज दिया गया। इधर, कांच कारोबारी का नाम सामने आने के बाद एसएसपी सचिंद्र पटेल ने नितिन अग्रवाल उर्फ निक्की की सुरक्षा बढ़ा दी है। सुरक्षा के लिहाज से उन्हें गनर मुहैया कराए गए हैं।
एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि कारोबारी की हत्या की सुपारी लेने वाले दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है। कारोबारी की सुरक्षा के लिहाज से गनर तैनात किए है। उन्होंने कहा कि शीघ्र जिले से एक टीम गोरखपुर जेल में बंद देवेंद्र यादव एवं उसके साथी प्रिंस जायसवाल से पूछताछ के लिए जाएगी। संदीप एवं पुष्पेंद्र के अलावा कोई अन्य बदमाश तो नहीं शामिल है, इसकी भी पड़ताल की जाएगी।