टूंडला के गांव सलेमपुर में विलाप करते मृतक युवक के परिजन
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। थानाक्षेत्र में मंगलवार देर श्रज्ञत् एक युवक ने पेड़ पर दुपट्टे से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इससे पूर्व युवक ने रिश्तेदारों व पुलिस को खुद के फांसी लगाने की सूचना दी। परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेजा है।
थाना पचोखरा के गांव सलेमपुर निवासी रवि कुमार 28 पुत्र महावीर कुमार मंगलवार सुबह आठ बजे घर से निकल गया था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने फोन मिलाया तो रिसीव नहीं हुआ। इस बीच थाना पुलिस ने गांव पहुंचकर रवि के बारे में परिजनों से बात की तो परिजन उसके बारे में कुछ भी नहीं बता सके। परिजनों का कहना था कि वे उसे फोन लगा रहे हैं, वह फोन नहीं उठा रहा है। तब पुलिस फर्जी सूचना समझते हुए वापस लौट गयी।
इस बीच रिश्तेदारों ने जानकारी दी कि रवि ने शराब ज्यादा पी रखी है। वह फोन पर खेत में पेड़ पर खुदकुशी करने की बात कर रहा है। इस सूचना से परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन रात में ही खेतों की ओर दौड़ पड़े। काफी प्रयास के बाद ग्राम प्रधान के भाई के खेत में लगे नीम के पेड़ पर दुपट्टे के सहारे उसका शव लटका मिला। उसकी चप्पल पेड़ के पास ही रखी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गयी। परिजनों द्वारा हत्या की आशंका व्यक्त करने पर पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हैलो! पुलिस... सलेमपुर में रवि नाम के लड़के ने खुदकशी कर ली है
टूंडला। हैलो पचोखरा पुलिस.....मैं गांव सलेमपुर से बोल रहा हूं। गांव के रवि कुमार पुत्र महावीर ने खुदकुशी कर ली है। आप जल्दी आ जाओ। डायल-112 नंबर पर मिली सूचना पर डायल-112 व पचोखरा पुलिस गांव पहुंच गईं। परिजनों व पुलिस ने उसकी तलाश की, किंतु वह नहीं मिला। पुलिस ने जब कॉल करने वाले का नंबर डायल किया तो रिंग जाती रही। परिजनों को कॉल करने वाले का नंबर दिखाया तो पता चला कि रवि ने फांसी लगाने की सूचना खुद ही दी थी।
- युवक ने पेड़ से लटककर खुदकुशी की है। परिजनों की आशंका पर जांच से पता चला कि उसने शाम के समय गांव के युवकों के साथ शराब पी थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। - संजय सिंह, थानाध्यक्ष, पचोखरा।