शिकोहाबाद। रेलवे स्टेशन एवं रेलवे आवासों में पेयजल व्यवस्था के लिए लगाई जा रही सबमर्सिबल रेलकर्मियों से बोरिंग में अचानक छूट गई। रेलकर्मियों की इस लापरवाही को लेकर रेल अधिकारियों ने सख्त एक्शन लिया है। रेल अधिकारियों ने तीन रेलकर्मियों को निलंबित किया है।
शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन एवं रेलवे कॉलोनियों में पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए रेलवे स्टेशन के समीप बने हुए पंप हाउस में सबमर्सिबल बोरिंग में डाली जा रही थी। सूत्रों के अनुसार इस कार्य को रेलवे विद्युत विभाग में तैनात राहुल कुमार यादव, राजेश कुमार समेत एक अन्य रेलकर्मी करवा रहे थे। बोरिंग में मशीन डालने के दौरान अचानक ही वह छूट गई। जिससे वह बोरिंग में चली गई। बोरिंग में मशीन के चले जाने से रेलकर्मियों के होश उड़ गए। प्रयागराज मंडल के रेल अधिकारियों ने रेलकर्मियों की इस लापरवाही पर सख्त एक्शन लिया है। रेल अधिकारियों ने तीनों रेलकर्मियों को मुख्य नियंत्रण कक्ष टूंडला मैसेज देते हुए सस्पेंड कर दिया है।
गहराया पेयजल संकट
शिकोहाबाद। रेलकर्मियों की इस लापरवाही से रेलवे कॉलोनियों एवं रेलवे स्टेशन पर रेलयात्रियों के लिए भीषण गरमी में पेयजल संकट खड़ा हो गया। रेल अधिकारियों ने इस
घटना के बाद दूसरी मशीन को लगवाया। इसके बाद पेयजल आपूर्ति सुचारु हो सकी।
पंप हाउस में सबमर्सिबल मशीन बोरिंग में गिरने की सूचना मिली थी। कार्य में लापरवाही करने के चलते तीन रेलकर्मियों को अधिकारियों ने सस्पेंड किया है।
अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज डिवीजन