फिरोजाबाद। यूपी बोर्ड की मुख्य परीक्षा से पहले विद्यार्यी प्री बोर्ड के जरिए अपनी तैयारी को परखेंगे। प्री-बोर्ड परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की शैक्षिक क्षमता का मूल्यांकन कर बोर्ड परीक्षा की तैयारी कराई जाएगीं। प्री बोर्ड परीक्षाएं 13 जनवरी से 22 जनवरी तक होंगी। बोर्ड के फैसले के बाद विद्यार्थी तैयारियों में जुट गए हैं। जिले में हाईस्कूल व इंटर के 22 राजकीय कॉलेज, 59 सहायता प्राप्त व 454 वित्तविहीन कॉलेज हैं। इन कॉलेजों में हाईस्कूल व इंटर के 74 हजार से अधिक परीक्षार्थियों पंजीकृत हैं। मुख्य परीक्षा से पहले परीक्षार्थियों को प्री बोर्ड की परीक्षा देनी होगी। इसमें संपूर्ण पाठ्यक्रम को शामिल किया जाएगा। स्कूल के शिक्षक प्रश्न पत्र तैयार करेंगे। प्री बोर्ड में लिखित के साथ प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी होंगी। प्री बोर्ड परीक्षा के दौरान सामने आई कमियों को सुधार कर विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के लिए तैयार किया जाएगा ताकि उन्हें परेशानी न हो।
प्री बोर्ड का कार्यक्रम सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को भेज दिया है। नियमानुसार प्री-बोर्ड परीक्षा कराने के साथ मूल्यांकन करते हुए विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी कराने का निर्देश दिए हैं। बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर रिजल्ट आए, इसलिए छात्र-छात्राओं को परीक्षा की तैयारी कराई जा रही हैं।
निशा अस्थाना, डीआईओएस