फिरोजाबाद। राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा कंचन वर्मा ने 50 से कम छात्र नामांकन संख्या वाले राजकीय विद्यालयों की सूची जारी की है। इस सूची के आधार पर जिले में सात राजकीय विद्यालय ऐसे हैं जहां छात्र नामांकन संख्या 50 से कम है। दो इंटर कॉलेजों में 100 से कम छात्र संख्या है। इन विद्यालयों में छात्र नामांकन संख्या बढ़ाने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक कर विशेष कार्य योजना तैयार किए जाने का निर्देश दिया है।
राज्य परियोजना निदेशक की तरफ से जारी सूची में फिरोजाबाद जनपद के सात राजकीय हाईस्कूल में छात्र संख्या कम है। जबकि सुविधाओं में इजाफा किया जा रहा है। इधर, शिक्षकों की तैनाती भी लगातार हो रही है। राज्य परियोजना निदेशक ने नोटिस जारी कर कहा है कि राजकीय विद्यालयों में बेहतर शिक्षण कार्य के लिए प्रधानाचार्य व शिक्षकों को निरंतर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विद्यालयों में गणित व विज्ञान किट उपलब्ध कराने, टीएलएम तैयार कराने, विज्ञान प्रदर्शनी, शैक्षिक भ्रमण, अध्ययन यात्रा, गणित व विज्ञान क्लब, उपचारात्मक शिक्षण, यूथ एवं ईको क्लब, आईसीटी लैब, कंपोजिट स्कूल ग्रांट, स्पोर्टस ग्रांट, लाइब्रेरी ग्रांट, बालिका छात्रावास एवं कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम संचालित किए जाने के बाद भी नामांकन की यह स्थिति अत्यंत चिंताजनक है।
-राज्य परियोजना निदेशक ने निर्देश दिया है कि राजकीय विद्यालयों में छात्र नामांकन संख्या बढ़ाने के लिए सभी प्रधानाध्यापकों के साथ बैठक कर विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए। इन राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में नामांकन की साप्ताहिक समीक्षा कर कक्षा आठ एवं कक्षा 10 उत्तीर्ण सभी विद्यार्थियों का नामांकन कराया जाए।
इन विद्यालयों में इतने हैं छात्र
राजकीय हाईस्कूल नसीरपुर सुजैती में 27
राजकीय हाईस्कूल नगला खेडा में 27
राजकीय हाईस्कूल बटोलर में 29
राजकीय हाईस्कूल कोडरा में 30
राजकीय हाईस्कूल नगला केसरी में 41
राजकीय हाईस्कूल नगला पट्टी में 44
राजकीय हाईस्कूल धीरपुरा में 46
राजकीय इंटर कॉलेज रामदासपुरा-86
राजकीय हाईस्कूल नगला बल- 96