फिरोजाबाद। भीम नगर में चेकिंग के दौरान संविदा कर्मचारियों से मारपीट के विरोध में संविदा कर्मचारी बृस्पतिवार को विद्युत कार्यालय पर धरने पर बैठ गए।
विद्युत टीम के साथ संविदा कर्मचारी चेकिंग के लिए बृहस्पतिवार को भीम नगर गए थे। भीम नगर में चेकिंग के लिए एनाउंसमेंट के दौरान क्षेत्र के लोगों के साथ संविदा कर्मचारियों का विवाद हो गया।
संविदा कर्मचारियों का आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई। संविदा कर्मचारी शिकायत लेकर विद्युत उपसंस्थान पहुंचे तो उनकी बात को अधिकारियों ने नहीं सुनी। इसके विरोध में संविदा कर्मचारी धरने पर बैठ गए। एसडीओ मौके पर पहुंचे और संविदा कर्मचारियों की ओर से थाना दक्षिण में तहरीर दी गई। इसके बाद कर्मचारी काम पर लौटे।
संविदा कर्मचारियों का कहना है कि चेकिंग के दौरान आए दिन मारपीट और अभद्रता होती है। अधिकारियों को सुरक्षा के इंतजाम करने चाहिए। मनमोहन, विजय विक्रम, हरिओम ने कहा है कि क्षेत्र के लोगों ने उनके साथ मारपीट करते हुए साइकिल और मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। उप खंड अधिकारी निजाम उद्दीन ने थाना पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कहा है।