फिरोजाबाद। शिकोहाबाद को जल्द ही भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की ओर से ‘’ईट राइट स्थल’’ का दर्जा मिलने जा रहा है। इसके तहत नगर को स्वच्छ, सुरक्षित और पोषक भोजन उपलब्ध कराने के मानकों पर विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही स्ट्रीट फूड हब की स्थापना की भी योजना है, जिससे नगर की सुंदरता और पहचान दोनों बढ़ेगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त चंदन पांडेय ने बताया कि एफएसएसएआई के उच्चाधिकारियों के सहयोग से शिकोहाबाद में यह कार्य शुरू किया जा चुका है।
5 जुलाई को आयुष्मान भव संवाद कार्यक्रम में उन्होंने यह जानकारी दी। यह कार्यक्रम भारत सरकार द्वारा आयोजित किया गया था।
बताया कि शिकोहाबाद को ईट राइट स्थल बनाने के साथ-साथ वहां एक सड़क भोजन केंद्र की स्थापना की जा रही है, जो लोगों को सुरक्षित और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराने में सहायक होगा।
इधर, कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जनपद में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। यात्रा मार्ग पर खुले में मांस की बिक्री पर रोक लगाई गई है।
साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और दरों की निगरानी की जा रही है। संबंधित क्षेत्रों में तैनात खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को कड़ी निगरानी रखने और आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।