फिरोजाबाद। आए दिन आ रही तेज आंधी विद्युत विभाग के लिए नुकसान साबित हो रही है रविवार को तड़के आई तेज आंधी से पूरे जिले की विद्युत सप्लाई बंद हो गई। कई जगह तार टूट गए तो कई स्थानों पर पोल टूट गए। विद्युत विभाग पूर्व में आई आंधी के नुकसान की भरपाई नहीं कर सका, ऊपर से इस बार की आंधी ने मुसीबत खड़ी कर दी।
रविवार को सुबह चार बजे के बाद तेज आंधी के बाद झमाझम बारिश हुई। ऐसे में नगला सोंठ में चार विद्युत पोल टूट कर गिर गए। इसी तरह नगला रामकुंवरि सहित अन्य क्षेत्रों में भी विद्युत सप्लाई प्रभावित रही। सिरसागंज क्षेत्र में भी विद्युत फीडर ब्रेकडाउन में कई घंटों रहे। सुबह - सुबह विद्युत सप्लाई न आने से कई स्थानों पर पेयजल संकट भी गहरा गया। शहर में लोग बिजली के आने का इंतजार करते रहे।
इधर बिजली विभाग ने विद्युत पोलों को ठीक कराने को टीमों को दौड़ाया ताकि बिजली आपूर्ति को सुचारू किया जा सके। एक्सईएन गौरव कुमार ने बताया कि आंधी से कई जगह नुकसान हुआ है। हमारी टीम ने अधिकांश जगह पर सप्लाई को सुचारू कर दिया। शेष स्थानों पर तेज गति से कार्य चल रहा है। शीघ्र ही बिजली आपूर्ति को सुचारू किया जाएगा।