अवैध कट बंद कराएं, वाहनों की ओवर स्पीड पर करें चालान
बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर डीएम ने जताई नाराजगी, एआरटीओ, पीडब्ल्यूडी, टीआई व एनएचआई के अफसरों को दिए निर्देश
हजरतपुर एनएच-2 पर लगाए जाएंगे उच्च गुणवत्ता के कैमरे, प्रमुख बारह चौराहों पर अच्छी गुणवत्ता के साथ जेबरा क्रॉसिंग बनेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। डीएम रवि रंजन ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लगातार बढ़ते हादसों पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने हादसों को रोकने के लिए एआरटीओ, पीडब्ल्यूडी, टीआई व एनएचआई के अफसरों को काम करने के निर्देश दिए। डीएम ने दस मार्च को हुई समिति की बैठक में दिए निर्देशों के पालन की समीक्षा की। हाईवे पर अवैध कटों को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने एनएचएआई के अफसरों से साफ शब्दों में कहा कि अवैध कटों को बंद किया जाए। जिले के लिए कोई एक अधिकारी नामित किया जाए। नवीन सड़क दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र ब्लैक स्पॉट का चिह्नांकन के साथ ही सुधारीकरण पर जोर दिाय। जिला सड़क सुरक्षा समिति प्रशासक एक्सईएन पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड को रिपोर्ट प्रस्तुत करने का कहा लेकिन वह बैठक में अनुपस्थित रहने पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए स्पष्टीकरण मांगने के आदेश दिए। 15 वर्ष पुराने वाहनों का प्रयोग नहीं किया जाए। एआरटीओ राजेश कर्दम ने बताया कि जिले में स्क्रैप प्रणाली के तहत स्क्रेपिंग सेंटर को नारखी क्षेत्र में स्थापित किया जा रहा है।
आवारा पशुओं को कैटिल केचर के माध्यम से गोशाला में भिजवाया जाए। उन्होंने एनएचएआई एवं यूपीडा द्वारा ओवरलोड वाहनों की सूची मांगी। नेशनल हाईवे हजरतपुर एवं निगम क्षेत्र में ओवर स्पीड कैमरे स्थापित करने के निर्देश दिए। 12 चौराहों पर जेब्रा क्रासिंग पेंट कराई जाए। चिकित्सा विभाग को प्रमुख मार्गों पर 102 एवं 108 एंबुलेंस के रेस्पांस टाइम में सुधार पर जोर दिया। नेशनल हाइवे, एक्सप्रेस वे के किनारे ट्रॉमा सेंटर की स्थापना हेतु भूमि उपलब्ध कराने के एडीएम को निर्देश दिए। आईटीएमएस शाखा को 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों का जाटा प्रतिदिन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम अभिषेक कुमार सिंह,एसडीएम विवेक मिश्रा,एक्शईएन पीडब्ल्यूडी रमेश चंद्र,एआरएम संजय वर्मा मौजूद रहे।