टूंडला। विवादित जमीन पर मकान बनाने पर बुधवार शाम एक ही परिवार के दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों में गाली-गलौज के साथ ही पथराव व फायरिंग की गई। एक पक्ष ने पथराव व फायरिंग की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी।
थाना क्षेत्र के गांव जरौली खुर्द निवासी जयदयाल सिंह का परिवार के ही डिप्टी सिंह से बंटवारे को लेकर विवाद है। बुधवार शाम चार बजे करीब दूसरा पक्ष के मुन्नालाल जबरन मकान का निर्माण करने लगा। जब जयदयाल ने उनका विरोध किया तो दूसरे पक्ष ने गाली-गलाैज करने के साथ ही पथराव व तमंचे से फायरिंग कर दी। एक पक्ष ने फायरिंग व गाली-गलौज का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
मामले में जयदयाल ने बताया कि जमींन के बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद और जबरन मकान बनाने की उन्होंने शिकायत पुलिस के साथ ही एसडीएम से भी की थी। दो दिन पूर्व गांव पहुंची पुलिस व राजस्व विभाग की टीम निर्माण कार्य बंद करा आई थी, लेकिन बुधवार को फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया। थाना प्रभारी का कहना है कि फायरिंग की बात गलत है। दोनों पक्षों में गाली-गलौज की घटना हुई है। घटना की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।