खैरगढ़ (फिरोजाबाद)। थाना खैरगढ़ क्षेत्र में भूमि के विवाद में एक परिवार के दो पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। मारपीट की घटना में दस लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने एक पक्ष के लोगाें को मेडिकल कराया। दूसरा पक्ष ने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांव बिजौली में शुक्रवार रात एक ही परिवार के दो पक्ष जमीन को लेकर आमने-सामने आ गए। पहले तो गाली-गलौज हुई। उसके बाद हाथापाई शुरू हो गई। हाथापाई के बाद दोनों पक्षोें में जमकर लाठी-डंडे चले। झगड़ा होते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मारपीट में राजीव, अनुज, रामबृज, अंशुल, बिट्टू देवी, रूबी, गिरजा, जूली, संजीव और कृष्णमुरारी घायल हुए हैं। एक पक्ष के लोग रात ही थाने पहुंच गए थे। पुलिस ने घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया। जबकि दूसरे पक्ष ने पुलिस को कोई सूचना नहीं दी। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सोलंकी ने बताया कि अभी तक दोनों पक्ष में किसी ने तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।