पुत्र के साथ बैंक जा रहे वृद्ध को तेज गति से आए ऑटो ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में घायल को वृद्ध को अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र ने ऑटो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नगर के मोहल्ला एमपी रोड नईबस्ती निवासी मेवालाल (64) पुत्र स्व. सुखनंदन बिजली विभाग से रिटायर्ड थे। वह शुक्रवार दोपहर एक बजे करीब बैंक के काम से अपने पुत्र अखिलेश कुमार के साथ ऑटो में सवार होकर इलाहाबाद बैंक जा रहे थे। बैंक के सामने पहुंचने पर पीछे से आए ऑटो ने मेवालाल को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन इससे पूर्व ही उनकी मौत हो गई। इधर, दुर्घटना के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मृतक के पुत्र विनोद कुमार ने ऑटो चालक नीतू निवासी नगला कुम्हारान, टूंडला के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने ऑटो को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।