फिरोजाबाद। राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष एवं सदस्य ने बुधवार को पीड़ित महिलाओं की शिकायतें सुनीं। कई मामलों में अधिकारियों को फोन कर समस्या निस्तारण के निर्देश दिए।
राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अंजू चौधरी एवं सदस्या सुमन चतुर्वेदी ने बुधवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस दबरई पर महिला उत्पीड़न से जुड़ें मामलों की सुनवाई की। आयोग की सदस्या ने अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि प्रदेश में महिला उत्पीड़न से जुडे़ मामलों में मुख्यमंत्री योगी का रुख काफी सख्त है। ऐसे में जिले के अफसर महिलाओं की समस्या व उनकी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता व गुणवत्तापूूर्ण ढंग से कराएं। आयोग की उपाध्यक्ष ने सुनवाई के दौरान पीड़िता विनीता यादव निवासी शिकोहाबाद, अंजू कुमारी और रचना कुमारी निवासी पुलिस कॉलोनी फिरोजाबाद के अलावा दीपाली अग्रवाल के मामलेे में पुलिस व प्रशासन के अफसरों को मौके पर ही फोन लगाया। सुनवाई के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. प्रज्ञा शंकर, प्रोबेशन अधिकारी सीमा मौर्या, कार्यक्रम अधिकारी आभा सिंह के अलावा सीओ हरिमोहन सिंह, स्वेता पोरवाल एवं महिला थानाध्यक्ष गीता सिंह के अलावा चाणक्य फाउंडेशन के अखिलेश शर्मा मौजूद रहे।