शिकोहाबाद में बुधवार को हाईवे पर सायं पांच बजे सड़क किनारे मंडी समिति के सामने खड़ा ट्रक धुंध में तीन लोगों के काल बन गया। इनकी बाइक ट्रक से टकरा गई और इस हादसे में मैनपुरी निवासी बाइक सवार युवक, उसकी पत्नी और एक साथी की मौत हो गई।
मरने वालों में चरन सिंह (25), उसकी पत्नी पप्पी मोहल्ला चौधरी भोगांव, विकास बरनाहल मैनपुरी के रहने वाले थें। बताते हैं कि चरन सिंह के भाई हरी सिंह की 25 जनवरी को शादी है। बुधवार शाम को वह बाइक से पत्नी पप्पी व विकास के साथ शादी के कार्ड बांट कर फीरोजाबाद से लौट रहे थें। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। तीनों हाईवे पर खून से लथपथ तड़प रहे थे। आसपास के के लोग भी पहुंच गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भेजा, वहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। एक साथ हुई तीन मौतों से शादी वाले घर में कोहराम मच गया। परिवारीजन भी जिला अस्पताल आ गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। इन दिनों सड़क सुरक्षा सप्ताह चल रहा है, न तो ट्रिपल राइडिंग रुक रही और न ही हाईवे किनारे वाहनों का खड़ा होना।