फिरोजाबाद। सांसद खेल प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान हुए हंगामे और तोड़फोड़ के मामले में क्रीड़ाधिकारी मुकेश कुमार ने पुलिस कप्तान सौरभ दीक्षित से मुलाकात कर शिकायती पत्र दिया है। क्रीड़ाधिकारी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
क्रीड़ाधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने स्टेडियम में घुसकर हंगामा किया। आरोप है कि हंगामा करने वाले लोग खिलाड़ी नहीं थे और न ही उनका प्रतियोगिता से कोई संबंध था। कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था फैलाने के साथ ही स्टेडियम परिसर में तोड़फोड़ भी की गई, जिससे खेल आयोजन की गरिमा को ठेस पहुंची है।
उन्होंने बताया कि आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और अधिकारियों के बीच तनाव का माहौल बन गया था। स्थिति को संभालने के प्रयास किए गए, लेकिन हंगामा कर रहे लोगों ने कार्यक्रम में बाधा डाली। घटना के बाद खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों में रोष देखा गया।