- रामगढ़ थाना क्षेत्र के चनौरा स्थित शांति चौक पर शनिवार रात को हुआ हादसा
- आगरा रेफर किए जाने के दौरान रास्ते में थमीं साइकिल सवार सिक्योरिटी गार्ड की सांसें
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र के चनौरा स्थित शांति चौक पर शनिवार देर रात तेज रफ्तार वाहन ने कहर बरपाया। वाहन ने बाइक और साइकिल सवार को टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस दोनों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंची, जहां बाइक सवार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में आगरा ले जाते समय साइकिल सवार की भी रास्ते में मौत हो गई। इस दोहरे हादसे से दोनों मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई।
गांव शेखूपुर थाना रामगढ़ निवासी 26 वर्षीय आकाश शनिवार रात बाइक से सांती की तरफ से आ रहा था। वह जैसे ही चनौरा स्थित शांति चौक के पास पहुंचा तभी एक तेज रफ्तार किसी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। इसी दौरान झलकारी नगर, थाना उत्तर निवासी 65 वर्षीय प्रेमपाल जिला कारागार के पास स्थित गोयल ग्लास फैक्टरी से अपनी ड्यूटी समाप्त कर साइकिल से घर लौट रहे थे। वाहन की चपेट में आने से बाइक और साइकिल सवार दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर थाना रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। अस्पताल के चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद बाइक सवार आकाश को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रेमपाल का प्राथमिक उपचार शुरू किया गया।
रविवार सुबह हालत अधिक गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्रेमपाल को इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया। परिजन उन्हें एम्बुलेंस से आगरा लेकर जा रहे थे। रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक आकाश (26) वेल्डिंग का काम करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह दो भाइयों और तीन बहनों में दूसरे नंबर का था। उसके परिवार में पत्नी राधा, दो छोटे बेटे और एक बेटी है। मृतक प्रेमपाल (65) गोयल ग्लास फैक्टरी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। वे चार भाइयों और दो बहनों में दूसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी उर्मिला, एक बेटा और दो बेटियां हैं।
अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक और साइकिल सवार दोनों की मौत हुई है। पुलिस द्वारा शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजन की ओर से तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर वाहन और चालक की तलाश के लिए उचित कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- संतोष कुमार सिंह, सीओ सिटी