जसराना। सोशल मीडिया पर गोवंश की कुर्बानी को जायज ठहराने संबंधी सपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष सलीम राइन का वीडियो वायरल होने पर भाजपा और संघ पदाधिकारियों में भारी आक्रोश है। कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपाइयों ने पहले थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई कदम न उठाए जाने पर सोमवार को उन्होंने एसडीएम राजेश कुमार शुक्ला से मुलाकात की।
मोहल्ला टीकतपुरा निवासी मुनेंद्र चौहान ने सपा नेता के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को भड़काने की तहरीर दी। इस दौरान एलडीबी अध्यक्ष नीलकमल यादव ने सपा नेता पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर पंचायत द्वारा गलत तरीके से दुकानों का आवंटन कर इन्हें दिया गया है। उन्होंने आवंटन निरस्त न होने पर शासन स्तर तक शिकायत की चेतावनी दी। सीओ प्रेमप्रकाश पांडेय ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन अवनीश गुप्ता, डाॅ. सत्यपाल सिंह, सुशील कुमार, ओमेंद्र बघेल मौजूद रहे।