फिरोजाबाद। प्रधान पद का चुनाव भी हाईटेक हो गया है। प्रधान पद का चुनाव लड़ने वाली महिलाएं, पुरुष तो घर-घर जनसंपर्क करने में जुटे हैं तो परिवार के युवा सोशल मीडिया के माध्यम से घर-घर पहुंच बना रहे हैं।
गांव-गांव के युवाओं के मोबाइल नंबर एकत्रित कर व्हाट्सएप पर ग्रुप बनाने के साथ हर दिन सुबह की राम-राम और शाम को गुड नाइट के मेसेज भेजे जा रहे हैं। वोट मांगने के लिए हाथ जोड़कर प्रत्याशी की फोटो, वायदों के फेहरिस्त तक सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाई जा रही है।
विगत पंचायत चुनाव की अपेक्षा इस बार गांव का चुनावी माहौल बदला हुआ है। प्रत्याशी पोस्टर, बैनरों के माध्यम से गांवों को पाटने के बजाय सोशल मीडिया को प्रचार का माध्यम बना रहा है। जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी ढोल नगाड़ों के साथ जनसंपर्क करने के साथ उसे फेसबुक पर लाइव दिखा रहे हैं कि कौन-कौन से गांव में पहुंचे और कितनों से संपर्क किया।
फेसबुक लाइव के साथ-साथ फोटो को फेसबुक पर अपलोड किया जा रहा है। वायदों की झड़ी भी फेसबुक पर मतदाताओं तक पहुंचाई जा रही है। सोशल मीडिया पर प्रचार की कमान परिवार के युवा संभाल रहे हैं।
जसराना की झपारा ग्राम पंचायत, मदनपुर की कंथरी ग्राम पंचायत में सोशल मीडिया का प्रयोग खूब किया जा रहा है। कमोवेश यही हाल हाथवंत ग्राम पंचायत के साथ ही नारखी की कुतुकपुर चनौरा ग्राम पंचायत का है। सोशल मीडिया सेल प्रधान, बीडीसी एवं जिला पंचायत सदस्य के प्रचार अभियान पर भी निगरानी कर रहा है।
- त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का प्रचार सोशल मीडिया पर किए जाने का प्रचलन इस बार बढ़ा है। पुलिस की सोशल मीडिया सेल निगरानी कर रही है। यदि कोई प्रत्याशी किसी दूसरे प्रत्याशी के प्रति दुष्प्रचार कर आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करता है अथवा कोई शिकायत मिलती है तो जांच करा दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अजय कुमार एसएसपी फिरोजाबाद।