शनिवार की रात पुलिस ने सांसद तो कभी सेल्स टैक्स अधिकारी बनकर लोगों को
फोन कर वसूली करने वाले गौरव यादव को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास
से फर्जी आईडी पर चल रही कई सिम भी बरामद की हैं। फीरोजाबाद और आगरा के
बिल्डरों और कारोबारियों से भी यह लाखों रुपये की वसूली कर चुका है।
गिरफ्तार गौरव यादव हरीप्रसाद नगर निवासी रामप्रकाश यादव का पुत्र है। एसपी सिटी उदय शंकर सिंह ने बताया कि गत छह मई को इसने प्रभारी निरीक्षक टूंडला जसपाल पवार को फोन किया और खुद को सांसद अक्षय यादव बताते हुए हत्या के एक मामले में एफआर लगाने को कहा। साथ ही पांच लाख रुपये का इंतजाम करने को भी कहा। मामला सांसद से जुड़ा था, जसपाल पवार ने अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। सपा सांसद और अन्य सपा नेताओं से जानकारी की गई तो उन्होंने ऐसा कोई फोन करने से इनकार किया। इसके बाद एसओजी प्रभारी और प्रभारी निरीक्षक टूंडला ने दीपा चौराहे के पास से गौरव यादव गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की गई एक के बाद एक मामले खुलते चले गए। एएसपी ने बताया कि आरोपी के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल की जांच और पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने आगरा के आईजी, डीआईजी सहित कई अन्य अधिकारियों को भी फोन किए और उनपर गलत कार्य कराने के लिए दबाव बनाया। उसकी काल डिटेल में आईजी आगरा, डीआईजी आगरा, एसपी सिटी आगरा, कोतवाल रकाबगंज, सीओ सदर आगरा, जीआरपी प्रभारी टूंडला व फीरोजाबाद, थानाध्यक्ष पचोखरा के साथ प्रशासनिक अधिकारियों के सीयूजी नंबर निकले हैं। इनकी पुलिस जांच कर रही है। गत सात मई को टूंडला स्थित एक होटल पर फोन कर खाना मंगाने और लाखों रुपये की नकदी सेल टैक्स आफिसर बनकर हड़पने की बात भी सामने आई है।
रिमांड पर लिया जाएगा आरोपी
एएसपी सिटी उदय शंकर सिंह ने बताया कि आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। इससे यह जानकारी हासिल की जाएगी कि किस अधिकारी से कौन सा काम कराया गया। उसकी एवज मेें कितने रुपये वसूल किए गए।
फरीदाबाद से मारने शुरू किए बडे़-बडे़ हाथ
फीरोजाबाद। मूलरूप से टूंडला का रहने वाला गौरव इंटर पास है। उसके दो भाई अच्छी सर्विस में है। पिता टूंडला में निवास करते है और उनका मेडिकल स्टोर है। पुलिस ने बताया कि उन पर भी अपहरण का एक मामला भी दर्ज है। गौरव दो-तीन साल पूर्व तक अपने पिता के मेडिकल स्टोर पर बैठता था। पत्नी से विवाद के चलते पिता से नाराज रहने लगा और दो-तीन साल पूर्व घर छोड़कर फरीदाबाद चला गया था। स्टूडेंट लाइफ में यह दोस्तों को अपने कई पेट्रोल पंप होने, पिता की राजनीति में अच्छी पकड़ होने की बातें करते हुए उन्हें अपने प्रभाव में लेता था। उसका यह शौक बढ़ा तो उसने बडे़-बडे़ हाथ मारने शुरू कर दिए। उसकी इन गतिविधियों के चलते ही पिता ने उसे घर से भी निकाल दिया था।
पूरा गैंग या गौरव ही मास्टर माइंड
अमर उजाला ने हाल ही में एक ऐसे ठग का खुलासा किया था जो अधिकारियों और नेताओं के फोन नंबर का इस्तेमाल कर कारोबारियों को कार्रवाई करने की धमकी देकर वसूली कर रहा है। यह वही है या पूरा गैंग जालसाजों का सक्रिय है। फीरोजाबाद पुलिस का कहना है कि यह वही है या कोई और भी इस तरह से जालसाजी कर रहा है। रिमांड पर लेकर इसकी जानकारी की जाएगी। साथ प्रयास किया जा रहा है कि जिन लोगों से इसने वसूली की है, वह सामने आए और रिपोर्ट दर्ज कराए।