थाना पुलिस की गिरफत में मौजूद काले तेल के अवैध कारोबार में पकड़े गए छः आरोपी। सोर्स पुलिस
शिकोहाबाद। हाईवे किनारे स्थित औद्योगिक एरिया में चल रहे काले तेल के अवैध कारोबार पर एसटीएफ आगरा की कार्रवाई के दो दिन बाद 6 आरोपियों को थाना पुलिस ने भूड़ा नहर के समीप से गिरफ्तार कर लिया है। जिनको पुलिस ने जेल भेज दिया है। इस मामले में दो आरोपी अभी फरार चल रहे हैं। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत शहर के औद्योगिक एरिया में बड़े पैमाने पर काला तेल बनाने का अवैध कारोबार पिछले कई दिनों से संचालित हो रहा था। जिसमें बड़े पैमाने पर विटुमिन तेल को सिलिकॉन मिलाकर काला तेल बनाया जा रहा था। इस अवैध कारोबार पर बृहस्पतिवार रात आगरा एसटीएफ की टीम ने लखनऊ के निर्देश पर एसडीएम शिकोहाबाद डॉ. गजेन्द्र पाल सिंह, सीओ प्रवीण कुमार तिवारी, पूर्ति निरीक्षक ऋषिपाल एवं अन्य पुलिस टीम के साथ छापेमारी की थी।
कार्रवाई के दौरान टीम ने चार आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। डीएम रमेश रंजन के निर्देश के बाद थाना शिकोहाबाद में प्रमुख कारोबारी डेविड जैन समेत आठ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने रविवार सुबह पांच बजे करीब भूड़ा नहर के समीप से दुर्जन सिंह निवासी गिर्राज वाटिका टाउनशिप हाईवे मथुरा, अतिन कुमार, स्वतंत्रपाल सिंह, नितिन कुमार उर्फ सोनू निवासीगण जलालपुर शिकोहाबाद, भगवान सिंह एवं नीरज कुमार निवासी मंडी चौराहा महेन्द्र नगर हाईवे मथुरा को गिरफ्तार किया है। इस मामले में दो प्रमुख आरोपी फिरोजाबाद शहर का निवासी डेविड जैन एवं जगदीश कुमार निवासी महरौली, गोवर्धन मथुरा फरार चल रहे हैं। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
- काला तेल के अवैध कारोबार के छ आरोपियों को भूड़ा नहर से सुबह पांच बजे करीब टीम ने गिरफ्तार किया है। जिनको जेल भेजा गया है। दो आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
प्रवीण कुमार तिवारी, सीओ, शिकोहाबाद