स्वच्छ भारत मिशन के तहत डीएम ने हाथवंत ब्लाक के गांव ओढ़मपुर के बाशिंदों को खुले में शौच से मुक्त करने का संकल्प दिलाया। ग्रामीणों के साथ पंचायत कर खुले में शौच करने वालों को शर्मसार करने वालों की टोली गठित की। घरों में शौचालय नहीं होने पर डीएम ने आंगनबाड़ी, सहायिका और आशा को निलंबित करने के आदेश दिए।
डीएम विजय किरन आनंद गुरुवार सुबह सात बजे ओढ़मपुर गांव पहुंचे। गांव का भ्रमण करने के साथ ही डीएम चौपाल लगाकर फर्श पर बैठे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। सरकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त कर राशन वितरण एवं स्वच्छता कार्यक्रम की समीक्षा की। खुले में शौच मुक्त कराने के लिए युवाओं को अपने-अपने घरों में शौचालय बनाने के लिए प्रेरित किया और युवाओं से गांव में तीन समितियां गठित करने का आह्वान किया। इनमें महिला, पुरुष और बच्चों की समिति बनाएं। ये टीमें खुले में शौच करने वालों को सीटी बजाकर, लोटा छीनकर, टॉर्च दिखाकर उन्हें शर्मसार करने का काम करेंगी। डीएम और डीपीआरओ ने टीम को परिचय पत्र, सीटी और टार्च प्रदान की। डीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकत्री के घर पर शौचालय नहीं बने होने पर पति को कड़ी फटकार लगाई और कार्यकत्री एवं सहायिका, आशा को निलंबित करने के आदेश दिए। 192 राशन कार्डों के वितरण नहीं होने पर एडीओ पंचायत को फटकार लगाई। लेखपाल को प्रत्येक सोमवार और गुरुवार दोपहर अपराह्न दो बजे बैठकर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। तहसीलदार के साथ ही अन्य मौजूद थे।