बदमाशों ने खैरगढ़ स्थित सिरसानदी के पुल पर राहगीरों से लूटपाट की। एक युवक ने विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी। ग्रामीणों के पहुंचने पर बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने सीमा विवाद के चलते पीड़ितों से तहरीर तक नहीं ली।
खैरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव बनीपुर निवासी घमंडीलाल सोने चांदी के आभूषण लेकर बाइक से कसबा मक्खनपुर जा रहे थे। वह गांव लालई के समीप सिरसानदी के पुल पर पहुंचे तभी वहां खड़े बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। मारपीट कर उनके पास मौजूद नकदी और आभूषण लूट लिए। वहां से गुजर रहे तीन अन्य लोगों को भी हथियारों के बल पर रोक लिया। सभी से नकद आदि लूट ली। लूटपाट की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो वह मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को देख बदमाश वहां से फरार हो गए। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी खैरगढ़ पुलिस को दी, सीमा विवाद के चलते कई घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। पीड़ितों ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी लेकिन पुलिस ने मामला दूसरे थाने की सीमा का बताकर पल्ला झाड़ दिया।