एसआईआर को लेकर राजनैतिक दलों के साथ बैठक करते डीएम रमेश रंजन। स्रोत विभाग
- फोटो : एसआईआर को लेकर राजनैतिक दलों के साथ बैठक करते डीएम रमेश रंजन। स्रोत विभाग
फिरोजाबाद। डीएम रमेश रंजन ने शुक्रवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने साफ कहा कि करीब डेढ़ लाख के करीब मतदाताओं की मैपिंग नहीं होने के कारण 31 दिसंबर के बाद नोटिस दिए जाएंगे। क्योंकि जिले में दस प्रतिशत मतदाताओं का डाटा मैप नहीं हो सका है। राजनीतिक दल बीएलए नियुक्त करें ताकि कोई पात्र मतदाता छूटने नहीं पाए।
डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रमेश रंजन कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विधानसभा निर्वाचक नामावली के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम का आज समापन हो रहा है। करीब 10 प्रतिशत मतदाता ऐसे बचे हैं जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी है। बचे हुए जिन लोगों के 2003 की मतदाता सूची से मिलान नहीं हो पा रहा है उन सभी को 31 दिसंबर के बाद नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील करते हुए कहा कि वह बीएलए नियुक्त करें। ताकि कोई पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से छूटने नहीं पाए। इस दौरान सभी राजनीतिक दलों ने एक स्वर से जिले में हुई एसआईआर प्रक्रिया को संतोषजनक और संतुलित बताया।
इस दौरान कांग्रेस के जिला महासचिव शैलेंद्र शुक्ला, सपा जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह यादव एडवोकेट, जिला उपाध्यक्ष डा. विजय आर्या, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार, बसपा के आगरा मंडल प्रभारी सोनू भारती, भाजपा के शैलेंद्र सिंह एवं सीपीआईएम के जिला मंत्री नवल सिंह एवं एडीएम विशुराजा मौजूद थे।