आगरा निवासी बदमाशों की लगाई पिटाई, तीसरा फरार, पिस्टल-तमंचा व बाइक बरामद
- फोटो : Amar Ujala
जिला एटा के जलेसर क्षेत्र में बुधवार को लूट कर भागे अपाचे सवार दो बदमाशों को रजावली चौराहे के दुकानदारों दबोच लिया। उनके पास से एक पिस्टल व तमंचा बरामद हुआ है। एक बदमाश भागने में सफल रहा। दुकानदार पहले पुलिस चौकी पहुंचे थे, लेकि न वहां एक भी पुलिसकर्मी नहीं मिला तो खुद ही बदमाशों से लोहा ले लिया।
एटा के थाना सकरोली के इसौली चौराहे पर दवा व्यवसायी अजय जादौन ने रजावली चौराहे स्थित आटा चक्की पर काम करने वाले पोपल सिंह को फोन पर बताया कि तीन बदमाश जलेसर से लूट कर इसौली होते हुए टूंडला की ओर भागे हैं। वह अपाचे बाइक पर सवार हैं। पोपल अपने साथी दुकानदारों को घटना की जानकारी दी और पुलिस की मदद लेने विवेक जादौन, गौरव, रामू व लवकुश आदि को लेकर रजावली पुलिस चौकी पहुंचे। चौकी पर कोई पुलिसकर्मी नहीं था। पुलिस की मदद न मिलने के बाद भी दुकानदारों ने हिम्मत नहीं हारी। बदमाशों की घेराबंदी को योजना बना ली। पुलिस चौकी के सामने बैरिकेडिंग लगा कर बदमाशों का इंतजार करने लगे। कुछ ही देर में एटा की ओर से अपाचे पर तीन लोग आते दिखाई दिये। दुकानदारों ने उनको रोकने की कोशिश की तो विवेक जादौन के ऊपर बाइक चढ़ा दी। बदमाशों की इस हरकत से बाइक गिर गयी। बाइक के गिरते ही पोपल और साथी बदमाशों पर टूट पड़े। एक बदमाश ने पोपल पर पिस्टल तान दी। गोली मारने के लिए उसने तीन बार पिस्टल कोक की लेकिन पोपल के साहस के आगे बदमाश की पिस्टल धरी रह गई। बदमाश पिस्टल कोक करने का फिर से प्रयास करता इससे पहले दुकानदारों ने पिस्टलधारी बदमाश को काबू में कर लिया। उसका साथी भी दबोच लिया गया। तीसरा बदमाश भाग गया। दुकानदारों ने बदमाशों की खूब पिटाई लगाई। बाद में नगला बीच से पहुंची पुलिस ने बदमाशों को अपने कब्जे में लिया। पकड़े गये बदमाशों से एक पिस्टल व एक तमंचा बरामद हुआ है। बदमाशों ने अपने नाम लाखन निवासी रघुपुरा, इरादत नगर आगरा व अजय कुमार निवासी जाटव मुहल्ला, इरादत नगर आगरा बताए हैं। थाना पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है। लूट की घटना एटा जलेसर क्षेत्र में हुई है।
ऐसे तो हो गया क्राइम कंट्रोल
रजावली चौराहे पर 10 माह पहले अपाचे सवार तीन बदमाशों ने वारदात की थी। एचसीपी राजवीर सिंह अकेले ही उनसे भिड़ गए थे। बदमाश उनको दो गोली मारकर भागने में सफल हो गये थे। बुधवार को भी बदमाश की पिस्टल कोक हो जाती तो पोपल की जान पर बन आती। जो काम पुलिस को करना चाहिए था वह दुकानदारों ने किया। चौकी पर किसी भी पुलिसकर्मी का न मिलना पुलिस अफसरों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठा रहा है। एसपी ने तीन दिन पहले ही रजावली चौकी पर जिस उपनिरीक्षक की तैनाती की है उसने चार्ज नहीं लिया है। दुकानदारों का कहना है की चौकी पर कोई पुलिस कर्मी नहीं रहता।