फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र में सर्विस रोड स्थित स्टेट बैंक की शाखा से 14 नवंबर को नारखी के गेंदालाल के बैग से एक लाख रुपये पार किए जाने की घटना का पुलिस ने बृहस्पतिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने सांसी गैंग की सात महिलाओं को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 60,500 रुपये बरामद हुए हैं। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि 7 महिला अभियुक्तों को नगला पान सहाय की पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया है। यह सभी सासी गैंग की सदस्य हैं। इनमें मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के गांव कढ़िया की सुनीता, रामबाई, राधिका, रोमा, सोनम, दुर्गा व कविता शामिल है। यह सभी आपस में रिश्तेदार हैं। पूछताछ में महिला चोरों ने बताया कि वे सभी मिलकर योजना बनाकर बैंकों, रेलवे स्टेशन और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर लोगों की जेब, पर्स या बैग काटकर चोरी करती थीं।